अध्यक्ष जी गौहरीमाफी में बाढ़ सुरक्षा इंतजाम तो करवाओ
- बाढ़ की मार झेल रहे गौहरीमाफी के ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
वर्षों से बरसात के दौरान सौंग नदी की बाढ़ की मार झेल रहे गौहरीमाफी के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल से बाढ़ सुरक्षा के लिए पक्के तटबंध निर्माण की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने वर्षाकाल में बाढ़ से होने वाले नुकसान की आपबीती भी सुनाई। बताया कि विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने बरसात शुरू होने से पहले अधूरे पड़े तटबंध का निर्माण का आश्वासन दिया है।
ग्राम प्रधान सरिता रतूड़ी के नेतृत्व में गौहरीमाफी के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। ग्राम प्रधान सरिता रतूड़ी ने बताया कि बरसात में उफनाई सौंग नदी से हर साल ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। बताया कि बीते वर्षाकाल में उफनाई सौंग नदी के पानी से काश्तकारों की भूमि व बिरला मंदिर मार्ग बाढ़ में बह गया था। बताया कि बरसाती दिनों में ग्रामीणों को रातें जागकर काटनी पड़ती हैं।
समस्या का संज्ञान लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बलराम मिश्रा को दूरभाष पर गांव का दौरा कर क्षतिग्रस्त मार्ग को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। बताया गया कि रविवार को पीडब्ल्यूडी के अधिकारी गौहरीमाफी में क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेंगे व रिपोर्ट तैैयार कर मार्ग मरम्मत का कार्य कराएंगे।
इस अवसर पर उप प्रधान कीर्ति सिंह रावत, भाजपा नेता सुदेश कंडवाल, योगेंद्र रतूड़ी, सुरेंद्र सिंह रावत, भगवंत संधू, ञमान सिंह, पूरण सिंह, पुरुषोतम रतूड़ी, प्रेम सिंह, बचन सिंह कैंतुरा, मूर्तिराम न्यूली, महावीर सिंह आदि मौजूद थे।