ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के टीचिंग दून अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का उद्घाटन मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और मेयर सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मरीजों की दिक्कतें दूर करने के लिए काम कर रही है। अगले साल तक अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दून अस्पताल में रोजाना दो से ढाई हजार मरीज उपचार कराने के लिए आते हैं। नया ओपीडी भवन बनने से मरीजों को राहत मिलेगी। उन्होंने यूपीआरएनएन के परियोजना प्रबंधक डीएस राणा समेत पूरी टीम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भवन के दूसरे ब्लॉक का निर्माण भी समय से पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर विधायक खजान दास, स्वास्थ्य सचिव नितेश झा, अपर सचिव युगल किशोर पंत, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रविंद्र थपलियाल, दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा, डॉ. सुशील ओझा, जनसंपर्क प्रभारी महेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।
मान्यता में मिलेगा फायदा
पिछले दो वर्षों के दौरान एमसीआई की टीम निर्माण कार्य पूरा न होने के चलते मान्यता देने से इनकार कर चुकी है। इसके चलते सरकार ने निर्माण कार्य में तेजी दिखाई। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब एमसीआई से भी मान्यता के मामले में राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
नए ओपीडी ब्लॉक में यह सुविधाएं मिलेंगी
नए ओपीडी ब्लॉक में पंजीकरण, डिस्पेंसरी, वेटिंग हॉल, प्रशासनिक कार्यालय, लेक्चर थिएटर बनाया गया है। इसके अलावा साइक्रियेटिक, रेडियोलॉजी, ईएनटी, पीडियाट्रिक, चर्म रोग, टीबी एंड चेस्ट, दंत रोग और नेत्र रोग विभाग की ओपीडी भी लगेगी। यहां इन सभी विभागों के चिकित्सकों से परामर्श व दवा प्राप्त की जा सकती है।
कांग्रेस सरकार का पत्थर हटाया : राजकुमार
पूर्व विधायक राजकुमार ने मौजूदा सरकार पर उनके समय लगाया गया शिलान्यास का पत्थर हटाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के समय अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का काम शुरू किया गया था। उनके अनुरोध पर हरीश रावत ने योजना के लिए पर्याप्त धनराशि भी उपलब्ध कराई थी। तब शिलान्यास का पत्थर लगाया गया था, जिसे हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार पुराने कार्यों के शिलापट्ट हटाकर अपना नाम चमकाने का काम कर रही है।