40 नए वार्डों के प्रत्याशी-मतदाताओं में रहा उत्साह
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम में शामिल 40 नए वार्डों के प्रत्याशियों और मतदाताओं में गजब का उत्साह रहा। निगम में शामिल नए क्षेत्र के लोगों ने पहली बार मतदान किया और इलाके की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई।
नगर निगम का सीमा विस्तार करते हुए 72 गांवों को शामिल किया गया था। इसके बाद नगर निगम देहरादून 60 से बढ़कर 100 वार्डों का हो गया है। रविवार को निकाय चुनाव में 40 नए वार्डों के करीब दो लाख मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। वहीं, प्रत्याशियों का जोश-जुनून देखने लायक था।
नकरौंदा से भाजपा पार्षद प्रत्याशी अजेयता पंवार कहती हैं कि हम सभी काफी उत्साहित हैं। निगम में शामिल होने के बाद पहली बार यहां की जतना ग्राम प्रधान के बजाए पार्षद का चयन करेंगे। सभी पार्टियों ने ज्यादातर नए वार्डों में नए चेहरे उतारे हैं। ऐसे में शहर की सरकार का हिस्सा बनना ऐतिहासिक होगा। सेवलांकला निवासी मनीष कुमार कहते हैं कि निगम में शामिल होने के बाद क्षेत्र का कायाकल्प हो जाएगा।
मालसी निवासी सुनील कुमार का कहना है कि पिछली बार प्रधान पद के लिए वोट डाला था। पहली बार पार्षद और मेयर प्रत्याशी को मतदान करके काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। बंजारावाला निवासी मोहन सिंह रावत ने बताया कि ऐसा नहीं है कि पहले क्षेत्र का विकास नहीं हो रहा था, लेकिन निगम में शामिल होने के बाद विकास कार्य की रफ्तार काफी तेज हो जाएगी।
ये हैं निगम में शामिल वार्ड
गुजराड़ा मानसिंह, मेहूंवाला, हरभजवाला, आरकेडिया-2, नकरौंदा, मोहकमपुर, बंजारावाला, डोभाल चौक, नथुआवाला, पित्थूवाला, चकतुनवाला-मियांवाला, हर्रावाला, बालावाला, नवादा, नत्थनपुर-1 व 2, सेवलांकला, डांडा लखौंड, आमवाला तरला, मालसी, विजयपुर, रांझावाला, धोरणखास, सालावाला आदि।