ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
पहली ऑल इंडिया बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए दून तैयार है। 23 मई से कासिगा स्कूल में होने वाली प्रतियोगिता में देशभर की 16 टीमें हिस्सा लेंगी। शनिवार को प्रतियोगिता की ट्रॉफी और ड्रेस का अनावरण किया गया।
उत्तराखंड यूथ ट्वेंटी-20 क्रिकेट एसोसिएशन और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार को प्रेस क्लब में अतिथियों ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी और टीमों के लिए तैयार की गई रंग-बिरंगी ड्रेस का अनावरण किया। कासिगा स्कूल के चेयरमैन रमेश बत्ता ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश ही नहीं देश में भी महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
आयोजक जावेद बट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार हो रहे इस आयोजन में उत्तराखंड की गढ़वाल और कुमाऊं की दो टीमें भी हिस्सा लेंगी। इस अवसर पर एसोसिएशन के चेयरमैन धर्मेंद्र चौहान, सूर्यकांत धस्माना, गिरधर शर्मा, लतीफ चौधरी, आशुतोष ममगाई, किरन शाह, नरेंद्र शाह समेत अन्य शामिल रहे।