संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की होगी मैपिंग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। लोकसभा चुनाव के दौरान जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को कानून व्यवस्था दुरुस्त करने में दिक्कत न हो, इसके लिए जिले के संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केेंद्रों की मैपिंग कराई जाएगी। मैपिंग कराते समय संवेदनशील, अतिसंवेदनशील व सामान्य मतदान केंद्रों को लाल, पीले व हरे रंगों से दर्शाया जाएगा। इसी मानचित्र के जरिये अधिकारियों को यह जानकारी मिलेगी कि किस श्रेणी का मतदान केंद्र कहां पर है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन व एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की मैपिंग कराई जाए। मैप तैयार करने में संबंधित थानाध्यक्ष, तहसीलदार, अभिसूचना इकाई के उप निरीक्षकों, लेखपालों की मदद ली जाए। क्षेत्रवार जानकारियां जुटाकर जिला स्तर पर मैप तैयार किया जाए।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि विभिन्न क्षेत्रों में पिछले चुनावों के अनुभवों, उपद्रवोें के लिहाज से संवेदनशील मतदान केंद्रोें को चिन्हित किया जाए। ताकि मतदान के दौरान इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा सके। सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारियों अपने-अपने क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई भी शुरू करें। साथ ही लाइसेेंसी हथियार भी जमा कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रामजीशरण शर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक रोहिला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पीएस रावत सहित तमाम उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी उपस्थित थे।