ब्यूरो/अमर उजाला/ देहरादून।
धुमाकोट बस हादसे के बाद ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने या फिर मोबाइल फोन पर बात करने जैसे अपराधों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भर मेें 40 चालकों के साथ ही वाहन मालिकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा कई वाहन चालकों को हवालात में भी डाल दिया गया।
परिवहन सचिव एवं आयुक्त डी. सैंथिल पांडियन के आदेश के बाद परिवहन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। अभियान के तहत देहरादून के कालसी में छह, दून में दो चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया और वाहन सीज कर दिए गए। सात दिवसीय विशेष जांच अभियान के पांचवें दिन दून में 38 गाड़ियों का चालान और 12 गाड़ियों को सीज कर दिया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की एक ट्रैक्टर ट्राली को भी पकड़ा गया। आरटीओ सुधांशु गर्ग ने चालक से कागजात मांगे तो चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा एक स्कूल बस का भी चालान किया गया। दूसरी ओर परिवहन सचिव डी. सैंथिल पांडियन का कहना है कि राज्य में किसी भी संपर्क मार्ग पर ओवरलोडेड व ओवरस्पीडिंग के उल्लंघन पर चालक के साथ वाहन मालिकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।