ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी में बुधवार को संभागीय स्तर की 49वीं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। अंडर-14 बालिका वर्ग में वॉलीबाल में पौड़ी की टीम ने हल्द्वानी प्रथम पाली और बीएचईएल हरिद्वार को 2-0 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-19 वॉलीबाल के पहले मैच में बीएचईएल हरिद्वार ने एचबीके नंबर 2 को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में पूल बी में केंद्रीय विद्यालय पौड़ी और एचबीके नंबर 1 के बीच हुए मैच में दोनों टीमों ने एक-एक सेट की बराबरी की, जबकि मौसम खराब होने की वजह से मैच रोक दिया गया। शेष मुकाबला आज बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। दूसरी ओर योग प्रतियोगिताओं में अंडर 14, 17 व 19 बालिका वर्ग में सभी प्रतियोगियों ने विभिन्न आसन कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इससे पहले विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चारू शर्मा ने मुख्य अतिथि मेजर निर्मल जीत सिंह, केवि ऋषिकेश प्राचार्य रचना देव को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद केवि पौड़ी की छात्रा श्रेया बिष्ट ने सभी प्रतिभागियों को खेलकूद प्रतियोगिता की शपथ दिलाई। संभागीय प्रतियोगिता में 31 विद्यालय के 157 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
................
केवि-1 हाथीबड़कला में भी शुरू हुई प्रतियोगिता
केवि-1 हाथीबड़कला में बुधवार को संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सर्वे ऑफ इंडिया के उप महा सर्वेक्षक कर्नल एसके सरकार ने किया। केंद्रीय विद्यालय एक में हैंडबाल, बास्केटबॉल, टेबिल टेनिस, तैयारी आदि खेलों में हल्द्वानी, काशीपुर, देहरादून आदि के 209 छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान पूनम पांडे, डॉ. इन्द्रजीत सिंह, एमसी भट्ट, परितोष, बलबीर सिंह, जीएस राणा आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुशीला राणा व राष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्कर सिंह भी मौजूद थे।