देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ के हत्थे चढ़े साइबर ठगों ने देशभर के कुल 108 लोगों के साथ ठगी की है। इनके संबंध में अभी तक कुल 40 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इन ठगों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्त समन्वय टीम ने विश्लेषण किया था। इसी में यह बात सामने आई है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पिछले दिनों राजस्थान और हरियाणा के सीमा क्षेत्रों से 17 आरोपियों को पकड़ा गया था। इन्होंने उत्तराखंड के सात जनपदों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया था। इनमें से दो लोगों को डीजीपी उत्तराखंड की फर्जी फेसबुक आईडी बनाने के आरोप में भी पकड़ा गया था। इस कार्रवाई का संज्ञान केंद्रीय गृह मंत्रालय की संयुक्त टीम ने लिया है। इनके कुल 49 मोबाइल फोन और 84 सिम कार्ड डाटा का विश्लेषण किया गया है। यह सभी डाटा मंत्रालय को भेजा गया था।
इसमें पाया गया कि इन्होंने केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि कई और प्रदेशों में भी 108 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। इन मामलों में 69 तेलंगाना, 20 उत्तराखंड, सात उत्तर प्रदेश, छह पश्चिम बंगाल, पांच हरियाणा और एक मामला अंडमान का है। ये ठग प्रमुख रूप से ओएलएक्स, फर्जी फेसबुक आईडी और साइबर ब्लैकमेलिंग कर लोगों को निशाना बनाते हैं।