ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के वार्षिकोत्सव के अवसर रविवार को श्री हरिनाम संकीर्तन सम्मेलन एवं शिलान्यास की ओर से नगर संकीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में चैतन्य महाप्रभु की सुंदर झांकी देख श्रद्धालु निहाल हो उठे।
पलटन बाजार स्थित गीता भवन मंदिर में शाम चार बजे श्री चैतन्य महाप्रभु की विधिवत पूजा अर्चना की गई। इसके बाद मुनि महाराज की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा राजा रोड, सराफा बाजार, धामावाला, पलटन बाजार, घंटाघर, सर्वे चौक, करनपुर बाजार, सीमेंट रोड से होते हुए डीएल रोड स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरे राम हरे कृष्ण, राधा रमण के जयकारे लगा रहे थे। बैंड बाजे की धुन पर निकली यात्रा का श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मठ के महासचिव श्रीमद् त्रिदंडी स्वामी भक्ति महाराज ने कहा कि चैतन्य प्रभु साक्षात कृष्ण के रूप हैं। उन्होंने मानव रक्षा के लिए जन्म लेकर मानवता की सेवा की। मठ रक्षक त्रिदंडी स्वामी भक्ति प्रसन्न त्यागी ने बताया कि सोमवार को उन्मिलनी महाद्वादशी उपवास पर साधु और वैष्णव सेवा के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर भक्ति शोध जितेंद्रीय महाराज, भक्ति विवेक परमार्थ महाराज, भक्ति मयूख भिक्षु महाराज बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।