27 से 30 अगस्त तक चुनी जाएगी उत्तराखंड की टीम
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड की क्रिकेट टीम 27 से 30 अगस्त तक चुनी जाएगी। राजधानी की अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में चार दिन तक ट्रायल के बाद चुने जाने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। इनमें से प्रतियोगिता के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी जाएगी।
मंगलवार को राजपुर रोड स्थित होटल में राज्य क्रिकेट संचालन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ट्रायल समेत राज्य क्रिकेट को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रो. रत्नाकर सेठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में बीसीसीआई की अनुमति से तीन सीनियर अतिथि खिलाड़ियों को उत्तराखंड की टीम में शामिल करने का फैसला लिया गया। समिति ने सत्र 2018-19 के लिए रजत भाटिया, विनीत सक्सेना और मालोलन रंगराजन को टीम में बतौर अतिथि खिलाड़ी शामिल करने पर सहमति व्यक्त की है।
बैठक में उत्तराखंड सरकार के प्रतिनिधि बलराज पासी, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के हीरा सिंह बिष्ट व महिम वर्मा, उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रदीप सिंह व चंद्रकात आर्य यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन के संजय गुसांई और उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के दिव्य नौटियाल शामिल रहे।
--
कई खिलाड़ियों की हो सकेगी घर वापसी
राज्य के कई खिलाड़ी अब घर वापसी कर सकेंगे! समिति ने उन सभी खिलाड़ियों को शामिल करने पर सहमति जताई है, जिनका जन्म उत्तराखंड में हुआ और वह दूसरे राज्यों से खेल रहे हैं। इसके लिए उन्हें संबंधित राज्य की एनओसी लेकर आना होगा। कुछ खिलाड़ियों ने पहले ही एनओसी लेकर खुद को चयन के लिए उपलब्ध होने की जानकारी दी है।
--
उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिलेगा इनाम
राज्य के उन खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन का इनाम मिलेगा, जिन्होंने पिछले एक-दो साल के दौरान घरेलू स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। गोल्ड कप समेत अन्य प्रतियोगिता में अच्छा खेलने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों की सूची तैयार की जाएगी। ऐसे खिलाड़ियों को भी चयन में शामिल किया जाएगा।
--
महिम वर्मा बने समन्वयक
चयन प्रक्रिया में समन्वय की जिम्मेदारी समिति के सदस्य और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रभारी सचिव महिम वर्मा को सौंपी गई है। उन्हें खिलाड़ियों और जिला इकाईयों के बीच समन्वय बनाने का काम दिया गया है। पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
--
प्रमाण पत्र लाने अनिवार्य
ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को कई प्रमाण पत्र साथ लेकर आने होंगे। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र, 12वीं पास होने का प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र ट्रायल के वक्त लाना होगा। बिना प्रमाण पत्रों के किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।
--
25 खिलाड़ी चुने जाएंगे
बीसीसीआई की ओर से नियुक्त की गई चयन समिति 30 अगस्त तक 25 संभावित खिलाड़ियों को चुनेगी। इसमें अतिथि खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे। इन खिलाड़ियों का अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में सात से 17 सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में बीसीसीआई की ओर से कोच और सपोर्ट स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इनमें से 15 खिलाड़ियों की टीम प्लेट ग्रुप लीग मुकाबले खेलने के लिए गुजरात को रवाना होगी।
--
जल्द चुनी जाएंगी अन्य टीमें
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए सीनियर टीम के चयन के बाद अन्य आयु वर्गों की टीम चुनी जाएगी। राज्य की अंडर-19 (बालक व बालिका वर्ग), अंडर-16 बालक वर्ग की टीमों के चयन को लेकर अगले कुछ दिनों में निर्णय लिया जाएगा।