ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) मसूरी में माल रोड के दोनों ओर, पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी के पास मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने जा रहा है। पार्किंग तैयार होते ही माल रोड पर निजी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित हो जाएगी और इससे जाम से भी निजात मिलेगी। इसके बाद पर्यटक माल रोड पर ‘राजा’ की तरह पैदल घूमने का आनंद ले सकेंगे। वहीं, पार्किंग बनते ही माल रोड पर पर्यटकों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा शुरू होगी, ताकि पर्यटक आसानी से माल रोड का सफर कर सकें।
पहाड़ों की रानी मसूरी में सीजन में वाहनों की पार्किंग बड़ी परेशानी है। इस समय माल रोड वाहनों से पैक हो जाती है, जिससे पैदल चलना मुश्किल होता है। समस्या से पार पाने के लिए एमडीडीए ने मसूरी में मल्टीस्टोरी पार्किंग की कार्ययोजना तैयार की है। राजस्व विभाग के साथ सर्वे कर पार्किंग की जगह चिह्नित की जा रही है। पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी चौक के पास मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। मसूरी में प्रवेश करने वाले पर्यटकों के वाहन इन्हीं पार्किंग में खड़े होंगे। माल रोड पर पर्यटकों के निजी वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध होगा। इसके बाद पर्यटक माल रोड पर पैदल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के वाहनों में सवारी कर पाएंगे। इन वाहनों में कोई टिकट नहीं लगेगा। पार्किंग शुल्क में ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट का शुल्क शामिल किया जाएगा। टिकट दिखाकर पर्यटक इन वाहनों में बैठ पाएंगे। पब्लिक ट्रांसपोर्ट के वाहनों को भी सिस्टम से चलाया जाएगा, ताकि माल रोड पर वाहनों का दबाव न बढ़े।
--
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा शुरू होना का सीधा फायदा स्थानीय लोगों को मिलेगा। पिक्चर पैलेस से लाइब्रेरी चौक तक वाहनों का संचालन स्थानीय लोगों से ही कराया जाएगा। वाहन चालकों से अनुबंध किया जाएगा। अनुबंध पत्र में किराया निर्धारण होगा। माल रोड के व्यापारियों को भी इसका फायदा होगा। पर्यटकों की पैदल आवाजाही से दुकानदारी बढ़ेगी।
--
मसूरी में मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाकर व्यवस्थाएं सुधारना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकताओं में शामिल है। पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी के पास मल्टीस्टोरी पार्किंग तैयार होते ही माल रोड पर वाहनों का दबाव खत्म हो जाएगा। पर्यटक माल रोड पर आसानी से घूम पाएंगे। -डॉ.आशीष कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष एमडीडीए