सत्यापन के बाद जारी होंगे दिव्यांग को रेलवे पास
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। रेलवे की ओर से दिव्यांगों को जारी होने वाले पास का भौतिक सत्यापन होगा। मुरादाबाद मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने सभी अधिकारियों व वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षकों को आदेश जारी किया है कि दिव्यांगों की ओर से किए गए आवेदन की विधिवत जांच करने के बाद ही रेलवे पास जारी किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी है कि आवेदन मिलने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारियों के कार्यालयों से संपर्क कर सत्यापन कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांगों को प्रमाणपत्र जारी करने के बाद ही रेलवे की ओर से पास जारी किए जाते हैं। जिसके जरिये दिव्यांगता के प्रतिशत के हिसाब से किराए में छूट दी जाती है। कुछ लोग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत करके फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करवा लेते हैं। जिसकी आड़ में लोग किराए में छूट लेकर यात्रा करते हैं। कई बार यात्रा के दौरान ऐसे लोग पकड़े भी जाते हैं।
अब आवेदनों की जांच के बाद ही रेलवे की ओर से पास जारी किए जाएंगे। पास जारी किए जाने के बाद वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षकों द्वारा पास संबंधित विभागों के अधिकारियों को मुहैया कराया जाएगा। सभी आवेदकों का पूरा ब्योरा विभागीय रजिस्टर में अंकित किया जाए।