ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
साहिया। कालसी चकराता मोटर मार्ग पर साहिया बाजार में अमलावा नदी पर बनने वाले पुल का निर्माण पिछले पांच दिनों से ठप पड़ा है। ग्रामीणों ने लोनिवि पर पुल निर्माण कार्य में देरी का आरोप लगाया है।
लोगों का कहना है कि बरसात से पूर्व पुल के कॉलम का निर्माण किया जाना जरूरी है, जिसके बाद सुरक्षा दीवार का निर्माण भी जरूरी है। सुरक्षा दीवार नहीं बनने से नदी से सटे मकानों को खतरा पैदा हो गया है। साथ ही आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से लोग जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे हैं। अमलावा नदी पर बने पुराने पुल को जनवरी में ध्वस्त किया जाना था, लेकिन लोनिवि की लापरवाही के चलते पुल को मई के अंतिम सप्ताह में ध्वस्त किया गया। इसके बाद नए पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
मुकेश चौधरी, लाल सिंह पंवार, उदय राठौर, मुकेश जैन, सतीश वर्मा आदि ने बताया कि पुल निर्माण के लिए दोनों किनारों पर अभी तक कॉलम भी नहीं बनाए गए हैं, जिससे नदी से सटे 105 परिवारों के आवासीय भवन व व्यापारिक प्रतिष्ठान खतरे की जद में आ गए हैं। साथ ही लोगों को नदी के एक छोर से दूसरे छोर जाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने सुरक्षा को देखते हुए पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।
उधर, लोनिवि के मुख्य अभियंता एसके गोयल ने बताया कि बरसात से पूर्व दोनों ओर कॉलम और बाढ़ सुरक्षा के कार्य पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।