ऊर्जा निगमों के अभियंताओं का आंदोलन स्थगित
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। ऊर्जा निगमों में कार्यरत अवर अभियंताओं को 4800 रुपये का ग्रेड पे दिए जाने, अभियंताओं व कर्मचारियों को एसीपी का लाभ 9, 14 व 19 साल की सेवा उपरांत दिए जाने, अवर अभियंता से सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नति कोटा 58.33 फीसदी किए जाने जैसी कई मांगों पर सहमति बन जाने के चलते अभियंताओं ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है।
यूजेवीएनएल मुख्यालय में प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा की मौजूदगी में सोमवार को हुई उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता में ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बने जाने के चलते आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। वार्ता के दौरान सहमति बनी कि अवर अभियंताओं को 4800 ग्र्रेड पे दिया जाएगा। इस संबंध में गठित कमेटी की संस्तुति को शासन को भेजा जाएगा। प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा ने कहा कि सहायक अभियंताओं के पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिसके तहत तीन सहायक अभियंताओं को अधिशासी अभियंता के पद पर पदोन्नति दे दी गई है। निगम कर्मचारियों को 9, 14, व 19 साल की सेवा उपरांत समयबद्ध वेतनमान व एसीपी व्यवस्था पर सहमति बनी कि इस संबंध में निदेशक मंडल से प्रस्ताव पारित कराकर शासन को भेजा जाएगा। समझौता वार्ता के दौरान यूपीसीएल में अवर अभियंता से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति नहीं होेने से रोष जताया गया।
बैठक में मौजूद यूपीसीएल अधिकारियों ने यह तर्क देकर बचाव किया कि प्रबंध निदेशक के बाहर होने के कारण पदोन्नति का मामला लटका हुआ है। उनके आने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। समझौता वार्ता में यूजेवीएनएल प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा, निदेशक मानव संसाधन डॉ. आशीष जोशी, महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह, यूपीसीएल के निदेशक पीसी ध्यानी, केबी चौबे, पिटकुल के निदेशक वित्त अमिताभ मैत्रा के अलावा एसोसिएशन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष जीएन कोठियाल, आरके जैन, जेसी पंत, डीएस गौड़, चंद्रशेखर, आरएस नेगी, रवि बालियान विकास चौहान, रविंद्र कुमार, आनंद सिंह रावत, अरविंद त्रिपाठी, नितिन तिवारी समेत एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।