सोशल बलूनी और एनसीए में होगी खिताबी भिड़ंत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून एरिना अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार को सोशल बलूनी स्कूल और निंबस क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला जाएगा। सोमवार को रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहले सेमीफाइनल में सोशल बलूनी ने दून स्टार को 103 रन और निंबस क्रिकेट एकेडमी ने दून क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सोशल बलूनी ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 141 रन बनाए। ओपनर समर्थ ने 40, विनय ने 33 और संस्कार ने 13 रन बनाए। दून स्टार के अविरल ने तीन और यथार्थ, शान, कृष्णा व आदित्य ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी दून स्टार की टीम 18.3 ओवर में मात्र 38 रन बनाकर ढेर हो गई। यथार्थ (13) के अलावा कोई बल्लेबाज दहाई की संख्या तक नहीं पहुंच सका। सोशल बलूनी के अंश ने चार, विनय ने तीन और सक्षम, आयुष व शौर्य ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे मुकाबले में दून क्रिकेट एकेडमी की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.1 ओवर में 103 रन पर आउट हो गई। अक्षित ने 24, प्रणव ने 12 और प्रियांशु ने 10 रन बनाए। एनसीए के आयुष व ध्रुव ने दो-दो और विप्लव, फरहान, अयान, अभिनव व देवेश ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलते हुए एनसीए ने 26.2 ओवर में तीन विकेट खोकर आसान जीत हासिल कर ली। ओपनर आयुष ने 46 और पारितोष ने 37 रन बनाए। दून क्रिकेट एकेडमी के अबजोत सिंह ने दो और प्रणव सिंह ने एक विकेट चटकाया।