ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सांझ सवेरे नैन बिछा के राह तकूं रघुनंदन की.... भगवान श्रीराम के ऐसे ही भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। मौका था श्री श्री बालाजी सेवा समिति की ओर से रविवार को पथरीबाग स्थित ब्लेसिंग फार्म आयोजित भजन संध्या का। भजन संध्या में दिल्ली से आए गायक दीपक राधे और स्थानीय गायक तेजेंदर हरजाई ने भजनों से समां बांधा।
श्री श्री बालाजी सेवा समिति की ओर से 30 जून को पथरीबाग स्थित ब्लेसिंग फार्म में 31 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इस क्रम में रविवार को सुंदरकांड व भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरिया मठ से पधारे 21 संतों ने सुंदरकांड का पाठ किया। इसके बाद रात आठ बजे भजन संध्या आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अतुल अग्रवाल, समिति के अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, सचिव मनोज खंडेलवाल, दीपक अग्रवाल, मनमोहन लखेड़ा, अशोक गुप्ता, पंकज गुप्ता, पंकज चांदना, ओपी गुप्ता, अविनाश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
कन्यादान के लिए करें सहयोग
श्री श्री बालाजी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनमोहन लखेड़ा ने सामूहिक विवाह के लिए आम जनता, धर्म प्रेमियों, दानदाताओं और शुभचिंतकों से अधिक से अधिक सहयोग देने की अपील की है। सहयोग के लिए 9897019844, 9410558668 पर संपर्क कर सकते हैं।