ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
चकराता। चकराता में शनिवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश से क्षेत्र का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे मौसम में ठंडक महसूस की गई। पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, बारिश से किसानों चेहरे खिल गए। किसानों का कहना है कि बारिश से फसलों में नई जान आ गई है। चकराता में पिछले दो दिनों से धूप खिली हुई थी, लेकिन शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली। आसमान में बादल छा गए जिसके कुछ देर बाद शाम चार बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। स्थानीय किसानों के मुताबिक यह बारिश मटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, बैंगन, टमाटर, लौकी, कद्दू आदि के लिए लाभदायक है। स्थानीय किसान मोहन व सोबन राम के मुताबिक बारिश फसलों के लिए अमृत बनकर बरसी है। क्षेत्र में 20 जून को भी बारिश हुई थी। जबकि, शनिवार को एक बार फिर बारिश होने से लोगों को जून माह में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार चकराता, लोखंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है।