ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
कालसी। जौनसार बावर के दौरे पर आए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल चारधाम यात्रा के अधूरे विकास कार्यों से असंतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि विकास संबंधी कार्य पूरे नहीं होने के कारण चारधाम यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चारों धामों में सभी निर्माण कार्य जल्द पूरे कराने के प्रयास कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक और नैसर्गिक पर्यटन को अभी भी प्रचार प्रसार की आवश्यकता है। सूबे में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जो विकास से कोसों दूर हैं। ऐसे सभी स्थलों के विकास और पर्याप्त प्रचार-प्रसार से ही पर्यटन उद्योग विकसित होगा और पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा से उत्तराखंड अभी उबर रहा है। चारधाम यात्रा सूबे की आर्थिकी का आधार है, जो आपदा के बाद पूरी तरह से चरमरा गया था, लेकिन यहां की जनता ने धैर्य का परिचय देते हुए आपदा से उबरने के साथ ही विश्व को यह संदेश भी दिया कि चारधाम यात्रा अब बिल्कुल सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के केदारनाथ गुफा में तपस्या करने के बाद देश-विदेश में यह संदेश और अधिक फैला कि चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड तैयार है। इन दिनों तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार को विकास संबंधी कार्यों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में सरकार इन खामियों में सुधार करेगी, जिससे कि यहां आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को कोई परेशानी न हो।