ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
अंजू की शानदार अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने दून लायंस स्पोर्टिंग क्लब (डीएलएससी) की टीम को 20 रनों से हरा दिया। सीएयू के 128 रनों के जवाब में डीएलएससी की टीम 108 रन ही बना सकी।
प्रेमनगर स्थित राम राज क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर क्रांति देवी स्मृति स्टेट वरदान चैंपियंस ट्रॉफी में सोमवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएयू की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 128 रन बनाए। ओपनर अंजू और सुनीता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 13.3 ओवर में 87 रनों की साझेदारी की। अंजू ने 56 गेंदों में नाबाद 61 और सुनीता ने 36 रनों की पारी खेली। डीएलएससी की नंदिनी ने दो और उर्वशी व छाया ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएलएससी की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। फराह ने 27, चित्रा ने 16 और नंदिनी ने 13 रन बनाए। सीएयू की रुचिता ने दो और अंजू ने एक विकेट चटकाया।