ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रदेश में अगले 24 घंटे में पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बरसात-ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की संभावना है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को पारा स्थिर रहा। मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर पारे में उछाल दर्ज किया गया। मसूरी में सुबह तक बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 29.9 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दून में भी तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 38.1 व 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि पिछले 48 घंटे में इसमेें दो डिग्री की कमी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बीते सोमवार की रात को पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हुई बारिश और आंधी तूफान के कारण दो से तीन डिग्री पारा नीचे गिरा। राजधानी में दोपहर बाद लोग गर्मी से जूझते दिखे। दूसरी ओर उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ के साथ ही बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में हल्के बादल छाए रहने के कारण तापमान स्थिर रहा। दूसरी ओर अंधड़ के चलते उत्तरकाशी में फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक बुधवार से मौसम में राहत मिलेगी।
------------------------
इन शहरों में पारे ने दी राहत
शहर, अधि, न्यूनतम
नई टिहरी 27.8, 12.9
उत्तरकाशी 35.0, 21.7
जोशीमठ 25.1, 15.1
अल्मोड़ा 27.0, 16.5
नैनीताल 26.5 17.2
पिथौरागढ़ 30.2, 12.8
मुक्तेश्वर 26.8, 11.3
चंपावत 26.8, 17.8