ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डीएवी पीजी कॉलेज में नए सत्र के पंजीकरण पर विरोध जताते हुए छात्र नेताओं ने मंगलवार को प्राचार्य को घेरकर ऑनलाइन प्रक्रिया पर ठप करा दी। अब छह जून को कॉलेज में सभी छात्र संगठनों की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल लारा, शुभम सिमल्टी के नेतृत्व में मंगलवार को छात्रों ने प्राचार्य का घेराव किया। छात्रों ने मांग रखी किकेवल ऑनलाइन आवेदन का ही विकल्प न दिया जाए। इसके बजाए ऑफलाइन आवेदन का मौका भी एक साथ दिया जाए। इसके बाद छात्रों ने ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया बंद करा दी। प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अब छात्र नेताओं की कॉलेज प्रशासन के साथ छह जून को बैठक होगी। बैठक में ही ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर निखिल शर्मा, अरविंद चौहान, सुमित कुमार, वासु शर्मा, सूरज पंवार, हर्ष चौहान, प्रदीप मसेटा, भारत पुरोहित, दयाल, हन्नी, ऋतिक नौटियाल आदि मौजूद रहे।