पालिकाध्यक्ष ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा
- अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर। नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा ने बुधवार को नगर क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी निर्माण कार्य पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा ने कल्याणपुर में निर्माणाधीन संपर्क मार्ग का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मार्ग पर किए अतिक्रमण को हटाने और जल निकासी के लिए बनी नालियों में गंदगी नहीं डालने को कहा। साथ ही बताया कि प्रत्येक आवासीय बस्ती में संपर्क मार्ग के दोनों ओर नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बरसात के मौसम में जल भराव की समस्या से निजात मिल सके। सिनेमा गली में रामलीला मैदान के पीछे हो रहे संपर्क निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अवर अभियंता को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। चेताया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने वार्ड तीन, वार्ड आठ में हो रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बरसात से पहले सभी निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए, जिससे कि बरसात में आम जनता को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान अवर अभियंता जीएस पंवार सहित संबंधित वार्डों के सभासद मौजूद रहे।