सेमीफाइनल में पहुंचे आरसीए जयपुर और कैग दिल्ली
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गोल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में आरसीए जयपुर और कैग दिल्ली ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को जयपुर की टीम ने आयकर की टीम को सात विकेट और कैग दिल्ली की टीम ने एलडीए लखनऊ की टीम को 109 रनों से हराया।
बुधवार को तनुष क्रिकेट एकेडमी में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयकर की पूरी टीम 41.5 ओवर में 226 रन बनाकर सिमट गई। वैभव रावल ने 78, यशपाल डागर ने 53, योगेश नागर ने 29 और जीवनजोत सिंह ने 25 रन बनाए। जयपुर के अराफत खान ने तीन और धनराज यादव व अभिमन्यु लांबा ने दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीए जयपुर ने 38.2 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। आदित्य गढ़वाल ने नाबाद 71, धनराज यादव ने 65 और दिव्य गजराज ने 55 रनों का योगदान दिया।
रेंजर्स मैदान में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैग दिल्ली ने 44.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 370 रन बनाए। करन कालिया ने 93, अंकित कौशिक ने 65, अक्षय वाडकर ने 64 और अभिषेक रमन ने 63 रन बनाए। लखनऊ के सुनील कुमार ने छह और भारत ने दो विकेट लिए। लखनऊ की टीम 38.1 ओवर में 261 रनों पर सिमट गई। शिवम ने 118 और फैज ने 62 रन बनाए। कैग के करन कालिया ने चार, रजनीश गुरबानी ने तीन और गौरव गंभीर ने दो विकेट लिए।