ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
बिजली गुल होने से पेयजल आपूूर्ति बाधित नहीं हो इसके लिए अब पंपिंग योजनाओं के लिए जनरेटरों की व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका सभागार में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में क्षेत्रीय विधायक ने इसके निर्देश दिए हैं।
बैठक में क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि आंधी-तूफान या फिर किसी अन्य कारण से बिजली गुल होते ही पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है। गर्मी मेेें लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रत्येक पेयजल पंपिंग योजनाओं के लिए अब जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। जबकि, बरोटीवाला एवं आस पास के क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या से निपटने के लिए अलग से सब स्टेशन बनाया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक ने इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को भूमि तलाशने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि लोगों की पेयजल और बिजली की समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। बैठक में बरसात में जलभराव की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई।
क्षेत्रीय विधायक ने जहां कहीं भी नालियां बंद हैं, बरसात से पहले उन्हें खोलने के निर्देश दिए। इसके अलावा जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर समस्या का समाधान करने की बात भी कही। बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र, अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम एसके गुप्ता, एसडीओ एपी सिंह आदि मौजूद रहे।