ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) देने वालों के लिए 140 से 155 अंकों के बीच देश के शीर्ष पांच नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में दाखिले की राह खुल सकती है। रविवार को हुई क्लैट की परीक्षा में दून में करीब 1400 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
क्लैट के लिए आईएमएस यूनिसन विश्वविद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होनी थी, लेकिन 12 बजे से ही अभ्यर्थी पहुंचने शुरू हो गए। जिन अभ्यर्थियों के पास एडमिट कार्ड के साथ फोटोयुक्त आईडी नहीं थी, उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल पाया। शहर के रहने वाले अभ्यर्थी तो अपनी आईडी ले आए लेकिन दूर दराज से आए अभ्यर्थियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
प्रश्न पत्र गत वर्ष की तरह इस साल भी 200 अंकों का ही रहा। परीक्षा विशेषज्ञ अमित मित्तल ने बताया कि इस बार के प्रश्नपत्र का स्तर काफी हद तक 2016 के प्रश्नपत्र जैसा था। पेपर के स्ट्रक्चर में कोई बदलाव नहीं था। उन्होंने बताया कि नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए 200 में से करीब 155 अंकों पर मौका मिल सकता है। परीक्षा विशेषज्ञ एसएन उपाध्याय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा में 140 से 155 तक अंक हासिल किए हैं, उन्हें देश की शीर्ष पांच नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में दाखिला मिल सकता है। परीक्षा देने वाली एशना शुक्ला ने बताया कि पेपर में लॉजिकल रीजनिंग के सवाल तो आसान थे, लेकिन पेपर थोड़ा लंबा था। परीक्षा देने वाले आशुतोष ने बताया कि जनरल नॉलेज और मैथ्स के सवाल कुछ मुश्किल थे।