ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर में संगोष्ठी आयोजित कर छात्र-छत्राओं को नैतिकता और संस्कृति के प्रति जागरूक किया। अभाविप के विभाग संगठन मंत्री अरुण चमोली ने कहा कि समाज और राष्ट्र के स्वस्थ विकास के लिए छात्रों में नैतिक मूल्यों का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्य किसी भी समाज की संस्कृति में समाहित होते हैं, लिहाजा युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति का ज्ञान होना चाहिए। जीवन में सफलता के लिए शिक्षा के साथ ही अनुशासन, नैतिकता और ईमानदारी का गुण होना जरूरी है। तीनों ही गुण मिलकर व्यक्ति को सफलता के रास्ते पर ले जाते हैं। प्रांत छात्रावास प्रमुख शुभम गर्ग ने कहा कि युवाओं में चरित्र निर्माण, शीलता, सौम्यता और राष्ट्र निर्माण की भावना पैदा करना ही अभाविप का उद्देश्य है।
प्रदेश सह मंत्री दिव्या राणा ने बताया कि अभाविप छात्रों के लिए विभिन्न आयामों में कार्य करता है। इनमें तकनीकी शिक्षा, थिंक इंडिया, छात्रों की समस्याओं का समाधान, गरीब तबके के छात्रों को सुलभ शिक्षा मुहैया कराना आदि शामिल हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अभाविप से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने को प्रेरित किया। इस दौरान मोहित पाल, नफीस, रोहित, प्रशांत आदि मौजूद रहे।