ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर नहीं हो पा रहा है। जल संस्थान में पिछले एक महीने के भीतर पेयजल से संबंधित 177 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं हैं, हालांकि इनमें से कुछ शिकायतों का ही निस्तारण हो पाया है। वहीं, तमाम क्षेत्रों में अब भी समस्या बनी हुई है। पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रसूलपुर निवासी महेश कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके यहां पिछले एक महीने से पानी नहीं आ रहा है। जिन क्षेत्रों में पानी आ रहा है वहां प्रेशर बहुत कम है। डाकपत्थर रोड गणेश मंदिर निवासी हीरा के मुताबिक क्षेत्र में पिछले छह दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। अंबाड़ी निवासी चंचला देवी ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है।
मेंहूवाला खालसा कुरैशी मोहल्ला निवासी संजय के मुताबिक क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल समस्या बनी है। डॉक्टरगंज निवासी संजय जैन बताते हैं कि क्षेत्र में लाइन क्षतिग्रस्त होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा जीवनगढ़, डांडा जीवनगढ़, कुंजा ग्रांट, कुंजा, ढकरानी, नवाबगढ़, डाकपत्थर खादर बस्ती आदि क्षेत्रों में भी पेयजल समस्या बनी हुई है।
----
कई जगह हो रही पानी की बर्बादी
क्षेत्र में एक तरफ जहां लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ लोग भवन की तराई, फर्श, वाहनों की धुलाई और गार्डन की सिंचाई आदि में पेयजल का इस्तेमाल कर रहे हैं। जल संस्थान के एसडीओ एपी सिंह का कहना है कि लोगों को विभाग की ओर से समझाया जाता है, लेकिन लोग मानते नहीं।
----
जिन क्षेत्रों से शिकायतें आ रही हैं। कर्मचारियों को भेजकर उसका समाधान किया जा रहा है। आज (बुधवार) मैं खुद कुंजा गया था, जहां लोगों की पेयजल समस्या को सुना। अन्य क्षेत्रों की समस्याओं को भी जल्द दूर किया जाएगा। -एपी सिंह, एसडीओ जल संस्थान