ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘मिलकर रहना सीखो’ शिविर मंगलवार को बाल भवन में शुरू हुआ। इस दौरान स्कूली बच्चे एक-दूसरे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, बोली-भाषा, वेशभूषा, गीत-संगीत, खानपान आदि साझा करेंगे। शिविर का शुभारंभ अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा रामकृष्ण उनियाल ने किया।
कार्यक्रम के शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने क्षेत्र के पारंपरिक लोक नृत्य व गीत प्रस्तुत किए। आयोजन के तहत योग प्रशिक्षण, क्षेत्रीय भाषाओं में लोकगीत व नृत्य, पारंपरिक खेलकूद, लेखन अभिरुचि से जुड़ी निबंध व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा तनावपूर्ण माहौल से बचाने के लिए काउंसिलिंग का सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा छात्र-छात्राओं को राजधानी के कई प्रमुख ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आईएस पाल ने बच्चों से स्वच्छता अपनाने की अपील की। महासचिव पुष्पा मानस ने परिषद के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव कमलेश्वर भट्ट ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मधु बेरी, कोषाध्यक्ष आशा श्रीवास्तव, पूर्व महासचिव बीके डोभाल, कुसुम कोठारी, आनंद सिंह रावत आदि मौजूद रहे।