ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। वन विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में इन दिनों जैव विविधता प्रबंधन समितियों का गठन किया जा रहा है। शनिवार को चकराता वन प्रभाग की ओर से खमरौली पंचायत में समिति के गठन के दौरान दो पक्षों ने जमकर हंगामा किया। इससे समिति गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
ग्रामीण रणवीर सिंह, गजेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, विक्की, प्रीतम सिंह, अमर सिंह, ज्ञान सिंह, अंकित, रणदास ने बताया कि गांव में 40 अधिक परिवार निवास करते हैं। समिति के गठन के लिए ग्रामीणों की बैठक होनी थी, लेकिन एक पक्ष के लोगों ने अलग से कुछ ग्रामीणों की बैठक कराई। इस पर दूसरे पक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह लोग वन विभाग अधिकारियों पर अपनी राय थोपना चाहते हैं। बैठक में हंगामे के चलते समिति का गठन नहीं किया जा सका।
----
गास्की से अर्जुन और बागी से सुखपाल बने अध्यक्ष
नागथात। ग्राम पंचायत स्तर पर जैव विविधता प्रबंधन समिति का गठन किया गया। चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज की ओर से कालसी तहसील की नौ ग्राम पंचायतों की समितियों का गठन किया गया। ग्राम पंचायत गास्की से अर्जुन सिंह और बागी से सुखपाल सिंह अध्यक्ष बनाए गए। वहीं, धनपौऊ में मीना देवी, लखवाड़ में संदीप सिंह, खाड़ी पंचायत में गोवर्धन सिंह, लखस्यार में सुंदर सिंह, कामला में हरिपाल, खुन्ना अलमान में सिकंदर सिंह और क्यारी में विरेंद्र सिंह को समिति का अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान वन बीट अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, सुनील तोमर, भरत सिंह, निर्मला देवी, शकुंतला देवी, पूरण सिंह, सत्यप्रकाश, संतू दास, बलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।