ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत ऊर्जा निगम की लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यहां भीड़भाड़ वाली सिनेमा गली के नुक्कड़ पर खड़ा जर्जर खंभा लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।
संकरी गली होने से खंभा गिरने पर बिजली की तारें आवासीय भवनों के साथ ही गली से गुजर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले सकतीं हैं, लेकिन ऊर्जा निगम को इस खंभे से कोई खतरा नजर नहीं आ रहा है। कुछ दिन पहले आई आंधी में कई खंभे गिरने और बिजली की तारें टूटने के बावजूद ऊर्जा निगम नगर क्षेत्र में जर्जर खंभों को नहीं बदल रहा है। मुख्य बाजार में ही करीब एक दर्जन खंभे जड़ से खोखले हो चुके हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर खंभों को लकड़ी के सहारे खड़ा किया गया है। छह माह पूर्व ऊर्जा निगम ने जर्जर खंभों को बदलने की बात कही थी, लेकिन उस दौरान आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त खंभों की मरम्मत की गई। जबकि, जड़ से खोखले हो चुके खंभों को नहीं बदला गया। हालात यह हैं कि सिनेमा गली के नुक्कड़ पर खड़ा जर्जर खंभा तेज हवा चलने पर कभी भी गिर सकता है, व्यस्ततम इलाका होने से इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
उधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि नगर क्षेत्र में जर्जर खंभों के स्थान पर नए खंभे लगाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी।