ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
विकासखंड विकासनगर की ग्राम पंचायत पपडियान में हुए निर्माण कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर 20 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। डीएम ने कहा कि निर्धारित समयावधि पर जवाब न मिलने पर समझा जाएगा कि ग्राम प्रधान को इस संबंध में कुछ नहीं कहना है।
जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत में हुए निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए 19 जनवरी 2018 को जिला पंचायत राज अधिकारी देहरादून से मामले की शिकायत की थी। शिकायत पर खंड विकास अधिकारी विकासनगर से मामले की जांच कराई गई। जांच में कुछ मामलों में अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पाया गया कि गांव में प्रस्तावित सीवर लाइन की स्वीकृत लागत एक लाख 40 हजार रुपये है। जबकि, कनिष्ठ अभियंता मनरेगा द्वारा जांच में लागत एक लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पत्र में कहा गया है कि आहरित धनराशि से 30 हजार रुपये कम लागत का काम कराया जाना अनियमितता की श्रेणी में आता है। इसके अलावा ग्राम पंचायत पपडियान में आंगनबाड़ी केंद्र और लटीखेत आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत के कार्य के लिए 50 हजार रुपये निकाले गए। इसकी लागत 45 हजार रुपये आंकी गई है। जबकि, ग्राम पंचायत पपडियान में पंचायत घर मरम्मत का कार्य किया गया है, जिसकी स्वीकृत लागत एक लाख रुपये है, लेकिन योजना की लागत 96 हजार रुपये आंकी गई है। इस पर ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
---
हमें मंगलवार को यह नोटिस मिला है। हम निर्धारित समय पर इसका जवाब देंगे। -रेशमी देवी, ग्राम प्रधान पपडियान