ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका के सभासदों ने पालिका प्रशासन पर ब्लैक लिस्ट में शामिल कंपनी के प्रति उदार रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए पालिकाध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की है। सभासदों ने पालिकाध्यक्ष को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है।
मंगलवार को पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा को सौंपे ज्ञापन में सभासदों ने बताया कि मार्च में हुई बोर्ड बैठक में विद्युत उपकरणों की आपूर्ति के लिए मांगी गई निविदाओं पर चर्चा हुई थी। इस दौरान पालिका प्रशासन ने बताया कि हरिद्वार की एक कंपनी ने सबसे कम दर का टेंडर डाला है। लिहाजा उसी कंपनी से विद्युत उपकरण आपूर्ति कराने की तैयारी की जा रही है। बताया कि जांच के बाद उस कंपनी को भारत सरकार की ओर से ब्लैक लिस्टेड पाया गया। कंपनी ने अपने शपथपत्र में इस बात का जिक्र नहीं किया था। लिहाजा, बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि झूठा शपथपत्र देने के लिए कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। लेकिन बोर्ड में प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अभी तक पालिका प्रशासन ने कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे निर्वाचित सदन की अवमानना हुई है। सभासदों ने अध्यक्ष से पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में बिशन राणा, लवलेश शर्मा, अंकित जोशी आदि शामिल रहे।
उधर, नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा ने बताया कि अधिशासी अधिकारी से प्रकरण पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेकर उचित निर्देश दिए जाएंगे।