ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
डाकपत्थर सरकारी कॉलोनी में स्थित उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा के आवास में चोरी के प्रयास पर भड़के कर्मचारियों ने मंगलवार को डाकपत्थर पुलिस चौकी पहुंचकर नाराजगी जताई।
कर्मचारियों ने कहा कि कॉलोनी में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। कई लोग यहां अवैध रूप से डेरा जमाए हुए हैं, जिनके खिलाफ यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने कहा कि डाकपत्थर स्थित नई यमुना कॉलोनी में कई संदिग्ध लोग घूमते रहते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से सरकारी कॉलोनी में जमे हुए हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही अवैध रूप से कॉलोनी में रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि 25 अप्रैल को वह ट्रेड यूनियन की बैठक में उदयपुर गए थे। सोमवार शाम वह वापस लौटे। इस बीच कुछ लोगों ने उनके आवास में चोरी का प्रयास किया। वह कमरे में सोए हुए थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने कमरे के सभी दरवाजों में कुंडा लगाकर उन्हें बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे लोगों को यदि बाहर नहीं किया गया, तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
---
महाप्रबंधक से भी की कार्रवाई की मांग
उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन ने उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कर्मचारियों ने कहा कि अवैध रूप से कॉलोनी में रहने वाले व्यक्तियों से सरकारी आवास खाली करवाए जाएं और कॉलोनी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।