डाकपत्थर महाविद्यालय में आर्यन छात्र संगठन की ओर से आयोजित छात्रसंघ समारोह में लोकगायक अरविंद राणा के गीतों का जादू छात्र-छात्राओं के सिर चढ़कर बोला। अरविंद के ‘पहाड़ों की रानी मसूरी चकराता’ गीत की प्रस्तुति ने छात्र-छात्राओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। यूथ फाउंडेशन के संस्थापक एवं निम के पूर्व प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर में आयोजित समारोह में लोकगायक अरविंद राणा ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत ‘भगवान गणेश की वंदना दैणा हुया खोली का गणेशा हे’ से की। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक कई शानदार लोकगीतों की प्रस्तुति दी। नौशाद अली ने हिंदी फिल्मी गीत ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ पर नृत्य की प्रस्तुति दी। लोकगायक विक्की, साहूद अली और दीपिका के गीतों की प्रस्तुति ने भी छात्र-छात्राओं को देर तक कार्यक्रम में बांधे रखा। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने जौनसार के युवाओं का सेना में दिखाए गए अदम्य साहस की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं में जोश भर दिया।
उन्होंने बताया कि सेना में रहते हुए किस तरह से सेना के छह जवानों ने सात आतंकवादियों को मार गिराया था। वहीं केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य में उन्होंने महिला शक्ति के योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 बालिकाओं ने पुनर्निर्माण कार्य में अहम योगदान दिया है। कर्नल कोठियाल ने बताया कि सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के सपनों को पूरा किया जा सके, इसके लिए यूथ फाउंडेशन की ओर से युवाओं को विभिन्न दस स्थानों पर इसका निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसकी संख्या को अगले तीन साल में बढ़ाकर 40 किया जाएगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य केएल बिष्ट, डॉ. विनोद रावत, डॉ. राकेश जोशी, डॉ. राखी डिमरी, डॉ. कामना लोहानी, डॉ. राजकुमारी भंडारी, माधवी रावत, छात्रसंघ महासचिव अर्चना चौहान, धर्मेंद्र चौहान, वंदना, ललित कुमार, जसपाल, ऋषभा, कविता चौहान, हिमांशु वर्मा आदि मौजूद रहे।