ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए 16 अप्रैल को प्रवेशोत्सव के तहत प्रत्येक विद्यालय में मातृ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण सीमा जौनसारी ने प्रत्येक खंड शिक्षाधिकारी और उप शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए हैं।
कालसी के खंड शिक्षाधिकारी आरएस राणा ने बताया कि मातृ सम्मेलन में विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों की माताओं के साथ ही सेवित क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान माताओं के साथ प्रत्येक शनिवार को विद्यालय में मनाए जाने वाले प्रतिभा दिवस पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रतिभा दिवस के दौरान नौनिहालों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही नौनिहालों और उनकी माताओं की साझा गतिविधियां संपन्न कराई जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यालय के तनावरहित वातावरण की जानकारी महिलाओं को मिलेगी। बताया कि बच्चा मां के सबसे अधिक करीब होता है, लिहाजा विद्यालयों में संपन्न होने वाली गतिविधियों की जानकारी माताओं को होनी जरूरी है। इससे कि वे अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित हो सकें। मातृ सम्मेलन में माताओं और अन्य लोगों को शिक्षा विभाग की ओर से संचालित नवाचारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।