ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
साहिया। पानुवा-मसराड़ मोटर मार्ग पर चार माह में ही पेंटिंग उखड़ने लगी है, जिससे सफर मुश्किल भरा साबित हो रहा है। मार्ग पर पैराफिट नहीं लगाए जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि से बरसात से पूर्व सड़क का सुधारीकरण कराने की मांग की है।
वर्ष 2016-17 में पीएमजीएसवाई कालसी ने दो करोड़ 80 लाख की लागत से सात किमी लंबे पानुवा-मसराड़ मोटर का निर्माण किया था। गत वर्ष दिसंबर माह में इस मार्ग पर तीन करोड़ की लागत से नैनो तकनीक से डामरीकरण कराया गया, लेकिन चार माह में ही सड़क का डामरीकरण उखड़ गया है। स्थानीय निवासी बलवीर राठौर, आनंद सिंह, दिनेश, विरेंद्र सिंह, सुनील सिंह चौहान, मनोज ने बताया कि डामरीकरण कार्य के दौरान पीएमजीएसवाई अधिकारियों से घटिया गुणवत्ता की शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। निर्माण कार्य घटिया होने के कारण सड़क पर सफर करना ग्रामीणों के लिए खतरों भरा साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने बरसात से पूर्व सड़क का डामरीकरण करने और सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है।
उधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता डीसी पंत ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को मार्ग पर दोबारा पेंटिंग करने और मानक के अनुरूप सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए गए हैं।