चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शुरू हुए हिंदू नववर्ष (नव संवत्सर) के स्वागत में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने विकासनगर मुख्य बाजार में बाइक रैली निकाली। जबकि, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई यमुना कॉलोनी में पूजा-अर्चना के बाद संगोष्ठी आयोजित की।
विहिप और बजरंग दल की रैली बाबूगढ़ चुंगी से शुरू होकर कैनाल रोड स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में समाप्त हुई। बजरंग दल के प्रांतीय सह संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का नववर्ष के साथ ही भारत के गौरवपूर्ण इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। रैली में कार्यकर्ताओं ने सनातन संस्कृति की रक्षा और प्रचार प्रसार का संकल्प लिया। रैली में नितिन अग्रवाल, प्रवेश गुप्ता, कुलदीप, विनोद रावत, रविंद्र पाल, सुमित गुप्त, तुषार जैन, सूरज कुमार, अजय भारद्वाज, रोहित पाल आदि शामिल रहे।
दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई यमुना कॉलोनी डाकपत्थर में पूजन कर नववर्ष का स्वागत किया। पूजन के बाद आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता शिरकत कर रहे आश कुमार ने कहा कि हिंदुत्व की रक्षा करना प्रत्येक स्वयंसेवक का नैतिक दायित्व है। हिंदुत्व की भावना से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। इस दौरान जगरूप, कालिका प्रसाद, कमलेश, दीपक, अनिल, सौरभ, इशू, मोहन, कृष्णा, चंद्रप्रकाश, प्रवीण, अक्षय, वासुदेव, नारायण, हिमांशु आदि मौजूद रहे।