ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बादमावाला रोड निवासी एक परिवार ने सोमवार को एक रात के प्रवास पर पांच देव डोरियों को आमंत्रित किया। देव डोरियों के विकासनगर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। रात भर जागरण के बाद मंगलवार को पूजा अर्चना कर देव डोरियों को मूल मंदिर के लिए विदा किया गया।
बादामावाला रोड निवासी मनमोहन सिंह राठौर ने परिवार के लिए मांगी मन्नत पूरी होने पर सोमवार को शेडकुड़िया महाराज रायगी के साथ ही बौठा महासू, पवासी महासू, चालदा महासू और बाशिक महासू सहित पांच देवताओं के डोरिए रात्रि प्रवास के लिए अपने घर पर आमंत्रित किए। मूल मंदिर से विकासनगर आते हुए जगह जगह श्रद्धालुओं ने देव डोरियों पर पुष्प वर्षा कर खुशहाली की मन्नत मांगी। देव डोरियों के साथ आए 100 से अधिक श्रद्धालुओं और परिवार के सदस्यों ने रात्रि जागरण किया। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा अर्चना करने के बाद देव डोरियों को मूल मंदिर के लिए विदा किया गया।
मूल मंदिर को वापसी के दौरान देव डोरिए बादामावाला, बेलावाला, अंबाड़ी, मेहूवाला, बाड़वाला, हरिपुर, व्यास नहरी, कालसी में श्रद्धालुओं ने अपने ईष्ट देवों पर पुष्प वर्षा की। देव डोरियों के साथ बजीर हरीश चंद्र शर्मा, ठाणी बहादुर सिंह, रतन सिंह, कैलास चौहान, विजयपाल सिंह, रतन सिंह, महावीर सिंह, रोशन लाल, संतराम जिनाटा, सेवानंद शर्मा, देवमाली रतन सिंह, विनोद शर्मा, निक्काराम जिनाटा आदि मौजूद रहे।