मंगलवार को युवती का ऑपरेशन होना था। सोमवार दोपहर युवती के हाथ पर बने घाव की मरहम पट्टी की गई, उसके बाद देर शाम तक युवती वार्ड में ही थी। रात को वार्ड में युवती को नहीं देखा गया तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने युवती के बाहर जाकर खाना खाने की बात सोचकर इस ओर ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार सुबह ऑपरेशन के लिए कर्मचारी जब युवती को बुलाने गया तो वह गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का पता नहीं चला तो अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रबंधन का कहना है कि युवती को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए एक अन्य युवती लेकर आई थी, उसके बाद से मरीज के किसी भी तीमारदार को नहीं देखा गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि युवती के परिजनों की कोई जानकारी अस्पताल प्रबंधन को नहीं है। उधर, शहर कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि मुझे इस मामले में अभी तक कोई जानकारी नहीं है।
विकासनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जौनसार बावर परगने सहित पछवादून, टिहरी, उत्तरकाशी, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है। यहां हर रोज 500 से अधिक की ओपीडी होती है। साथ ही अस्पताल में प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराया जाता है।
30 बैड के इस अस्पताल में हर रोज मरीज भी भर्ती होते हैं। बावजूद इसके अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। अस्पताल में कुछ समय पहले चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में चारों ही काम नहीं कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं किया गया है।