सहसपुर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज छरबा के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को राजभवन का भ्रमण कर राज्यपाल के अधिकरों की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान छात्रों ने राजभवन में आयोजित वसंत उत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान राजभवन में हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राइंका छरबा के छात्र सोनू धाकड़ और नेहा ने द्वितीय, विक्रांत कौंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर रेडक्रास सोसाइटी के तहत छात्रों के दल ने राजभवन का भ्रमण करने के साथ ही मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से राजभवन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। दल का नेतृत्व कर रहे जूनियर रेडक्रास सोसाइटी के जिला समन्वयक जितेंद्र बुटोइया ने बताया कि ग्रामीण परिवेश के छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के जरिए बाहरी दुनिया की व्यावहारिक जानकारी मुहैया कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि वसंत उत्सव में छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से फूलों की विभिन्न प्रजातियों की जानकारी लेने के साथ ही लोकतंत्र में राजभवन की भूमिका की जानकारी ली। साथ ही संविधान में राज्यपाल की शक्तियों के बारे में जानकारी हासिल की। भ्रमण के दौरान छात्रों ने राजभवन में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उत्तराखंड रेडक्रास सोसाइटी की चेयरपर्सन छाया शुक्ला, महासचिव डॉ. आईएस पाल, पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी आशारानी पैन्यूली आदि मौजूद रहे।