ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
डाकपत्थर पंचायत में हुए विकास कार्यों की जानकारी लेने बृहस्पतिवार को प्रदेश की कई पंचायतों के ग्राम प्रधान पहुंचे। इस दौरान प्रधानों पंचायत में कराए गए कार्यों की जानकारी ली और विकास के मॉडल को अपनी पंचायतों में लागू करने की बात कही। पंचायत का भ्रमण करने के बाद राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर के सभागार में प्रधानों की संगोष्ठी हुई।
संगोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीओ) मो. जफर खान ने कहा कि ग्राम पंचायत लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है। ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी संबंधित ग्राम प्रधान को होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम को ग्राम सभाओं में संचालित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की स्वच्छता के लिए ग्राम स्तर के सभी कर्मियों के संयुक्त सहयोग की आवश्यकता बतायी।
डाकपत्थर पंचायत के प्रधान सुबोध गोयल ने कहा कि देश एवं समाज के विकास में पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका है। पंचायत को और मजबूत बनाने के लिए सरकारी स्तर पर अधिक अधिकार दिए जाने चाहिए। संगोष्ठी से पूर्व प्रदेशभर से आए प्रधानों ने डाकपत्थर में बने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय, मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों, राज्य वित्त के तहत कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान बीडीओ बीएस झिंक्वाण, पुष्पेंद्र त्यागी, संतोष मेहता, दीपा मेहता, सुचित्रा, गीता भट्ट, अनीता रावत, हेमा भट्ट, मनीषा पाल, बाला शर्मा, मीनाक्षी रावत, भवानी देवी आदि मौजूद रहीं।