ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
ग्रामीण क्षेत्रों में नैसर्गिक प्रतिभाएं होती हैं, जिन्हें खेलों का उचित प्रशिक्षण देकर उनकी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए ग्रामीण प्रतिभाओं को मार्गदर्शन देना जरूरी है। पछवादून की प्रतिभाओं केे निखारने के लिए विकासनगर में कैंप लगाए जाएंगे।
यह बातें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित विजय सिंह चौहान ने रविवार को मीडिया से कहीं। वे यहां अप्रवासी भारतीय डॉ. बैंजामिन प्रकाश के साथ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि खेलों की ओर युवाओं के झुकाव से उनमें अनुशासन पैदा होता है। साथ ही वह नशे की प्रवृत्ति से भी दूर रहते हैं। शिविर में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, मलखंभ और अन्य पारंपरिक खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।