ब्यूरो/अमर उजाला, चकराता
जौनसार बावर में रविवार को बर्फबारी के बाद क्षेत्र पर्यटकों से गुलजार हो गया। बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ से ढकी पहाड़ की चोटियों को देखने के लिए जौनसार बावर पहुंच रहे हैं। वहीं पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड के चलते स्थानीय लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि, सोमवार दोपहर में हल्की धूप से लोगों को राहत मिली।
शीतलहर के कारण क्षेत्र का अधिकतम तापमान छह और न्यूनतम माइनस तीन डिग्री दर्ज किया गया। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव, हीटर, अंगीठी का सहारा ले रहे हैं। वहीं बर्फ पड़ने के बाद पर्यटक चकराता का रुख करने के साथ-साथ लोखंडी, जंगलात चौकी, देवबन आदि क्षेत्रों में भी पहुंचकर बर्फ का लुत्फ उठा रहे हैं। हरियाणा से अजय जिंदल, सतीश जैन, कुंवर पाल, देहरादून की सरिता डोभाल, संतोष सिंह, विवेक गर्ग एवं हरबर्टपुर के दिनेश सैनी, पंकज कुमार आदि का कहना है कि क्षेत्र में पड़े हिमपात का उन्होंने जमकर लुत्फ उठाया। कुछ पर्यटक तो पूरे परिवार के साथ जौनसार बावर पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ बर्फ का भरपूर आनंद लिया।