ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साल बदलने के साथ ही जौनसार-बावर के मौसम में भी बदलाव देखा गया। नए के पहले दिन क्षेत्र में दोपहर बाद बादल छाने से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम बदलने से जौनसार-बावर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका बढ़ गई है।
पिछले कई दिनों से शीतलहर के प्रकोप के बावजूद नए साल के पहले दिन सुबह धूप खिलने से लोग जश्न मनाने के लिए पर्यटन स्थलों की ओर निकलने लगे। लेकिन, दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से पूरे क्षेत्र में एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया। लोग दोपहर बाद ही वापस लौटने लगे, इससे नए साल का जश्न भी कुछ फीका दिखा। हालांकि, बर्फबारी होने की आस में कुछ पर्यटकों ने चकराता और आसपास के क्षेत्रों में रुकना भी पसंद किया। बादल छाने से जौनसार-बावर के त्यूनी, लोखंडी, चकराता, ठाणा डांडा में ठंड का प्रकोप ज्यादा होने से स्थानीय लोगों ने पर्यटकों के लिए अलाव की व्यवस्था की। साल का पहला दिन होने के बावजूद पछवादून में ठिठुरन बढ़ने से बाजारों में शाम को सन्नाटा छाया रहा।