ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
पछवादून के पिछड़ा क्षेत्र बिन्हार के ग्रामीणों ने दस वर्ष पूर्व स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। सीएम त्रिवेंद्र रावत को प्रेषित ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि सड़क सुविधा नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि बिन्हार के कांडोई-भदोगी-भलेर मोटर मार्ग निर्माण को दस वर्ष पूर्व स्वीकृति मिली थी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर यातायात की उम्मीद जगी थी। इन दस वर्षों में राज्य सरकार द्वारा बिन्हार को पिछड़ा क्षेत्र भी घोषित किया गया। लेकिन, विकास कार्य नहीं होने से यहां के लोगों की दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है। क्षेत्र के लोग मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित हैं। मोटर मार्ग निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का दैनिक उपयोग का सामान भी पीठ पर लादकर लाना पड़ता है। छात्र-छात्राओं को इंटर कॉलेज कटापत्थर और इंटर कॉलेज लांघा तक पहुंचने के लिए हर रोज आठ से दस किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। गांव में किसी के बीमार होने पर अस्पताल ले जाने के लिए डंडी कंडी का सहार लेना पड़ रहा है। बताया कि पिछले दस वर्षों से ग्रामीण मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर शासन प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन पर भरत रावत, देवपाल सिंह, सुनील तोमर, पंकज तोमर, सुरेश नेगी, नवीन तोमर, राजेश रावत आदि के हस्ताक्षर हैं।