ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नए साल का जश्न मनाने के लिए पछवादून के पर्यटन स्थलों पर सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया। युवाओं में नए साल के स्वागत का खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिस भी हुड़दंगियों से निपटने के लिए मुस्तैद नजर आई। नए साल का जश्न सुबह से शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा।
पछवादून क्षेत्र में शीतलहर के बाद भी युवाओं ने आसन बैराज झील, डाकपत्थर बैराज, कटापत्थर सहित जौनसार-बावर परगने के पर्यटन स्थलों पर जमकर लुत्फ उठाया। कटापत्थर पहुंचे युवाओं ने दोपहर से ही डीजे की धुनों पर थिरकना शुरू कर दिया। आसन बैराज सहित जौनसार-बावर परगने के पर्यटन स्थलों पर वनकर्मियों ने पैनी नजर रखी हुई है।
------
ढाबों और रेस्तरां में उमड़ी भीड़
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर ही होटल, ढाबे और रेस्तरां में पार्टी मनाने के लिए लोग जुटने लगेे। वहीं, कुछ लोगों ने खास जगहों पर नए साल के आगाज का इंतजाम किया। सभी जगहों पर देर रात तक डीजे की धुनों पर युवा थिरकते रहे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
----
हावी रहीं हाईटेक सेवाएं
कुछ साल पहले तक लोग एक दूसरे को ग्रीटिंग कार्ड देकर नए साल की शुभकामनाएं देते थे। लेकिन, अब ग्रीटिंग देने का चलन पुराना हो चुका है। नए साल के जश्न में हाईटेक युग की सेवाएं ही हावी रहीं। लोगों ने मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
-----
सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता
पछवादून के सीमांत क्षेत्रों में सोमवार सुबह से ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन किया। उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे दर्रारीट पर आने जाने वाले प्रत्येक वाहन की गहन तलाशी की गई। दर्रारीट से लगे जंगल के क्षेत्र में नव वर्ष मनाने के लिए जाने वालों की भी तलाशी ली गई। जंगल में मादक पदार्थों के ले जाने पर सख्त पाबंदी लगाई गई थी। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित कुल्हाल चेकपोस्ट पर भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए, जबकि आसन बैराज व डाकपत्थर बैराज में देर रात तक पुलिस के जवान गश्त करते रहे। कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि नव वर्ष के जश्न के दौरान किसी भी तरह का हुड़दंग व अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।