श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय (केंद्रीय) के एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) के स्वयंसेवी उदित शर्मा गणतंत्र दिवस की परेड में कदमताल करते नजर आएंगे। विवि के बिड़ला परिसर में अध्ययनरत उदित का चयन 26 जनवरी 2019 को राष्ट्रीय राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है।
गणतंत्र दिवस परेड के लिए उदित सहित उत्तराखंड राज्य से 10 स्वंयसेवियों ने 3 अक्तूबर से 12 अक्तूबर तक रांची में चले पूूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन शिविर (प्री आरडी कैंप) में भाग लिया था। 10 सदस्यीय टीम में गढ़वाल विवि के पांच स्वयंसेवी शामिल थे। विभिन्न शैक्षणिक, शारीरिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के उपरांत उदित शर्मा का चयन परेड के लिए हुआ। उत्तराखंड से इस परेड के लिये चार स्वयंसेवियों (दो बालक एवं दो बालिकाओं) का चयन हुआ है। वह 1 से 25 जनवरी तक देश भर से चयनित अन्य स्वयंसेवियों के साथ परेड का प्रशिक्षण लेंगे। उदित वर्तमान में बिड़ला परिसर में बीएससी पांचवें सेमेस्टर के छात्र हैं और एनएसएस सी प्रमाणपत्र वर्ग के स्वंयसेवी हैं। उदित के चयन पर गढ़वाल विवि की कुलपति महोदया प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल, एनएसएस समन्वयक प्रो. ओके बेलवाल, डीएसडब्लू प्रो. पीएस राणा और वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डा. विनीत कुमार मौर्य ने खुशी जताई है।