श्रीनगर। तहसील में तहसीलदार व नायाब तहसीलदार के पद रिक्त होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिना अधिकारियों के तहसील औचित्यहीन हो गई है। कार्यकर्ताओं ने जल्द अधिकारियों की नियुक्ति न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस पार्टी के जिला महामंत्री गणपति भट्ट ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज तहसील में तहसीलदार व नायब तहसीलदार की तैनाती किए जाने की मांग की है। गणपति भट्ट ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि श्रीनगर की उपेक्षा कर रहे हैं। यहां के संस्थानों व सरकारी प्रतिष्ठानों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। तहसील मुख्यालय में तहसीलदार व नायाब तहसीलदार कई महीनों से नहीं हैं। यहां तैनात तहसीलदार सुनील राज का स्थानांतरण कोटद्वार कर दिया गया है, जबकि नायाब तहसीलदार दो माह पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इन दोनों अधिकारियों के स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है। भट्ट ने कहा कि तहसील में स्वीकृत राजस्व उपनिरीक्षक के 10 पदों के सापेक्ष केवल 6 ही राजस्व उपनिरीक्षक ही तैनात हैं। गणपति कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील में जल्द अधिकारियों की नियुक्ति न किए जाने पर सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।