कर्णप्रयाग। अमर उजाला अपराजिता 100 महाअभियान के तहत जिलासू में आयोजित स्वास्थ्य परामर्श जागरूकता कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि बेहतर खानपान और रहन-सहन बेहतर स्वास्थ्य में मददगार साबित होता है। इस दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी टिप्स दिए।
बृहस्पतिवार को जिलासू तहसील मुख्यालय पर वरिष्ठ नागरिक संगठन के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम में महिला रोग विशेषज्ञ डा. उमा शर्मा ने कहा कि पहाड़ में अधिकतर महिलाओं में खून की कमी है, जो खाने पीने में ध्यान नहीं देने से होता है। महिलाओं को चाहिए की हरी सब्जियां सहित आयरन युक्त खाद्य पदार्थ खाने चाहिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सर्जन डा. राजीव शर्मा ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान ध्यान रखने वाली बातें बताई। ईएनटी विशेषज्ञ डा. जेपी पुरोहित ने आम तौर पर बीमारियों से बचने के टिप्स दिए। स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़ी दीपा खंडूड़ी ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा स्वास्थ्य के प्रति बरती जाने वाली लापरवाही बताई। कार्यक्रम में फार्मेसिस्ट सुबोध पुरोहित, अशोक पंवार, जेपी पुरोहित, वरिष्ठ नागरिक संगठन के मातवर सिंह राणा, लंगासू व्यापार संघ अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी, अनीता थपलियाल, बबीता सती, शिखा चमोली, राजेश सिंह गुसाईं आदि मौजूद थे।
आधी बीमारियां जागरूकता से कम की जा सकती है, लेकिन काम की अधिकता के चलते महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाती हैं।
-रोशनी देवी
पहाड़ में महिला डॉक्टरों की कमी है। यहां दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच के संसाधन स्थापित होने चाहिए। ताकि लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बनी रहे।
-आंचल।
महिलाओं की अनियमित दिनचर्या भी बीमारी का कारण है। खेतों के अलावा अन्य काम के चलते दिनचर्या खराब रहती है, जिससे महिलाओं को खामियाजा उठाना पड़ता है।
-मोनिका रावत।
260 का स्वास्थ्य जांचा
जिलासू में अपराजिता महाभियान के बाद शाम तक आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 260 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान लोगों को नि:शुल्क दवा भी वितरित की। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष कल्याण सिंह बिष्ट, संरक्षक शिव सिंह बडियारी, विजयपाल सिंह, राजपाल सिंह रावत, मंथूलाल डिडोयाल, चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, विजय सिंह, चक्रधर खंडूड़ी आदि मौजूद थे।