ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। नये वार्डों में प्रकाश व्यवस्था हो या फिर कोई अन्य समस्या उनका समाधान जल्द किया जाएगा। यह बात नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा ने बाबूगढ़ में आदर्श कॉलोनी सोसाइटी की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में कही। पालिकाध्यक्ष अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुईं थीं।
नगर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई समस्या है, तो कोई भी व्यक्ति सीधे उनसे मिले। प्रयास किया जाएगा कि जल्द से जल्द समस्याओं को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि नये वार्डों में सबसे पहले प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। सभासद अंकित जोशी ने वार्ड क्षेत्र की समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्रवासियों को सहयोग का आश्वासन दिया। इससे पूर्व सोसाइटी की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में सोसाइटी के अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी, उपाध्यक्ष रेखा थपलियाल, पूनम शर्मा, बिमलेश त्यागी, करमचंद शर्मा, जिज्ञासा त्यागी, सुरेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन केसी शर्मा ने किया।